नए कानूनों से साइबर सुरक्षा तक: भटगांव आत्मानंद स्कूल में पुलिस ने विद्यार्थियों को बनाया जागरूक, नशामुक्ति और जिम्मेदार नागरिक बनने का दिलाया संकल्प

भटगांव। सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर भटगांव पुलिस द्वारा स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, भटगांव में नवीन आपराधिक कानूनों, साइबर सुरक्षा, महिला एवं बाल सुरक्षा तथा नशामुक्ति विषयों पर व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ के वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम का नेतृत्व थाना प्रभारी शिव कुमार धारी ने किया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को बदलती न्याय व्यवस्था, डिजिटल सुरक्षा और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करना रहा।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए थाना प्रभारी शिव कुमार धारी ने कहा कि देश में लागू किए गए नए आपराधिक कानून केवल अपराधियों को दंडित करने के लिए नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक को त्वरित, पारदर्शी और सुलभ न्याय उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को भारतीय न्याय संहिता (BNS), भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) तथा भारतीय साक्ष्य अधिनियम (BSA) की प्रमुख विशेषताओं से अवगत कराया और बताया कि इन कानूनों से आम नागरिकों के अधिकार पहले से अधिक मजबूत हुए हैं।उन्होंने ई-एफआईआर जैसी नई व्यवस्था की जानकारी देते हुए बताया कि तकनीक के माध्यम से न्याय प्रक्रिया को अधिक सरल और प्रभावी बनाया गया है। साथ ही महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा से जुड़े नए कानूनी प्रावधानों की भी विस्तार से जानकारी दी।कार्यक्रम के दौरान साइबर अपराधों से बचाव पर विशेष जोर दिया गया। थाना प्रभारी ने ऑनलाइन बैंकिंग फ्रॉड, ओटीपी साझा करने की ठगी, फर्जी लॉटरी, सोशल मीडिया धोखाधड़ी सहित विभिन्न साइबर अपराधों के तरीकों से विद्यार्थियों को अवगत कराया और डिजिटल प्लेटफॉर्म का उपयोग करते समय सतर्क रहने की सलाह दी। उन्होंने महिलाओं की सुरक्षा के लिए संचालित अभिव्यक्ति ऐप, एसओएस फीचर, महिला हेल्पलाइन 1091 तथा आपातकालीन सेवा 112 की उपयोगिता बताते हुए कहा कि संकट की स्थिति में इन सेवाओं का तत्काल उपयोग किया जा सकता है। साथ ही सखी सेंटर एवं महिला परामर्श केंद्रों के माध्यम से पीड़ित महिलाओं को चिकित्सा, कानूनी सहायता, काउंसिलिंग तथा अस्थायी आश्रय जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराए जाने की जानकारी भी दी।अपने संबोधन के अंत में थाना प्रभारी शिव कुमार धारी ने विद्यार्थियों से नशे के दुष्प्रभावों से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, यातायात नियमों का पालन करने तथा एक जिम्मेदार और जागरूक नागरिक बनने का आह्वान किया। कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित सभी शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने नशामुक्त समाज के निर्माण और कानून का सम्मान करने का संकल्प लिया।इस अवसर पर थाना प्रभारी शिव कुमार धारी के साथ सहायक उपनिरीक्षक बलीराम निराला, प्रधान आरक्षक एकराम सिदार, आरक्षक राहुल खूंटे, प्रत्येन बर्मन, महिला आरक्षक रीना बघेल, मोहन कुमारी सिदार, स्वामी आत्मानंद विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम को विद्यार्थियों ने अत्यंत उपयोगी बताते हुए भविष्य में भी ऐसे जागरूकता अभियानों के आयोजन की आवश्यकता पर बल दिया।



