जिले की समस्याओं को लेकर वरिष्ठ पत्रकार एवं खेल संघ अध्यक्ष गोल्डी नायक ने कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू से की मुलाकात

सारंगढ़।सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के वरिष्ठ पत्रकार, संपादक एवं जिला खेल संघ अध्यक्ष गोल्डी नायक ने जिले की संवेदनशील कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू से सौजन्य मुलाकात कर विभिन्न जन समस्याओं से अवगत कराया तथा उनके त्वरित निराकरण की मांग की।

मुलाकात के दौरान गोल्डी नायक ने रियासतकालीन क्लब हाउस स्थित इनडोर स्टेडियम परिसर की गंभीर समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने बताया कि मुख्य सप्लाई पाइपलाइन फट जाने के कारण लगातार पेयजल की भारी बर्बादी हो रही है, जिससे आम नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने से कई वार्डों एवं घरों तक पहुंचने वाले पानी का फोर्स काफी कम हो गया है, वहीं गंदगी मिश्रित पानी पहुंचने की शिकायतें भी सामने आ रही हैं, जो स्वास्थ्य की दृष्टि से बेहद चिंताजनक विषय है।
गोल्डी नायक ने कलेक्टर को यह भी अवगत कराया कि रियासतकालीन क्लब हाउस मैदान में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। मैदान में पानी जमा होने के कारण नन्हे बच्चों एवं खिलाड़ियों के नियमित खेल अभ्यास में बाधा उत्पन्न हो रही है। खेल गतिविधियां प्रभावित होने से खिलाड़ियों और अभिभावकों में निराशा का माहौल है। उन्होंने कहा कि खेल मैदान बच्चों के भविष्य निर्माण का महत्वपूर्ण केंद्र होता है, इसलिए वहां की मूलभूत समस्याओं का शीघ्र समाधान अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने आवेदन के साथ संबंधित समस्याओं के छायाचित्र भी कलेक्टर को सौंपे, ताकि वास्तविक स्थिति से प्रशासन अवगत हो सके। जिला कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए आवेदन एवं फोटो का अवलोकन किया और संबंधित विभागीय अधिकारियों को तत्काल जांच कर आवश्यक कार्यवाही एवं शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए।
कलेक्टर की त्वरित संवेदनशीलता और सक्रिय पहल से क्षेत्रवासियों एवं खिलाड़ियों में उम्मीद जगी है कि लंबे समय से चली आ रही समस्याओं का जल्द समाधान होगा। स्थानीय लोगों ने भी जनहित के मुद्दों को प्रशासन तक पहुंचाने के लिए गोल्डी नायक की पहल की सराहना की है।




