सारंगढ़ जिला अस्पताल में 8 अगस्त को होगा पीएम सुरक्षित मातृत्व शिविर

सारंगढ़ बिलाईगढ़, 7 अगस्त 2026/ जिला प्रशासन सारंगढ़- बिलाईगढ़ द्वारा मातृ-शिशु स्वास्थ्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए गर्भवती महिलाओं की स्वास्थ्य जांच का आयोजन निरंतर किया जा रहा है। इसी कड़ी में हर महीने की 9 और 24 तारीख को आयोजित होने वाला ‘प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान’ का शिविर इस बार 9 अगस्त को रविवार होने के कारण 8 अगस्त यानी शनिवार को जिला चिकित्सालय सारंगढ़ में आयोजित किया जाएगा।
शिविर का मुख्य उद्देश्य हर गर्भवती महिला को प्रसव पूर्व गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य जांच मुहैया कराना है। इस अभियान के तहत जिला चिकित्सालय में कई सुविधाएं पूर्णतः निःशुल्क प्रदान की जाएंगी, जिसमें सम्पूर्ण स्वास्थ्य जांच, विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा गर्भवती महिलाओं का गहन स्वास्थ्य परीक्षण, निःशुल्क सोनोग्राफी, गर्भस्थ शिशु की सेहत की सटीक निगरानी के लिए हाई-टेक सोनोग्राफी की मुफ्त सुविधा, खून, पेशाब समेत अन्य जरूरी पैथोलॉजी टेस्ट शामिल है। शिविर में आने वाली सभी गर्भवती माताओं के लिए स्वास्थ्यवर्धक और पौष्टिक स्वल्पाहार की विशेष व्यवस्था की गई है।




