छत्तीसगढ़सारंगढ़ बिलाईगढ़

कलेक्टर का औचक निरीक्षण: सारंगढ़ क्लब हाउस, इनडोर स्टेडियम और कंपोजिट बिल्डिंग की व्यवस्थाओं का लिया जायजा

खिलाड़ियों की सुविधाओं से समझौता बर्दाश्त नहीं, निर्माण कार्यों में ढिलाई पर अधिकारियों को लगाई कड़ी फटकार

5 दिनों के भीतर क्लब हाउस को व्यवस्थित करने के निर्देश, प्रतिदिन इंजीनियर करेंगे निगरानी

बैडमिंटन मैट जिम सामान के साथ देखरेख और स्वच्छता पर कड़े निर्देश

सारंगढ़-बिलाईगढ़ न्यूज/
सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिला कलेक्टर ने खेल सुविधाओं और शासकीय अधोसंरचनाओं की जमीनी हकीकत जानने के लिए आज क्लब हाउस इनडोर स्टेडियम और नवनिर्मित कंपोजिट बिल्डिंग का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान खेल परिसर में अव्यवस्थाओं और निर्माण कार्यों में कछुआ गति को देखकर कलेक्टर ने गहरी नाराजगी व्यक्त की और संबंधित अधिकारियों की क्लास लेते हुए उन्हें कड़ी फटकार लगाई।

बच्चों व खिलाड़ियों की सुविधाओं से कोई समझौता नहीं
कलेक्टर ने दो टूक शब्दों में कहा कि खेल और खिलाड़ियों के हितों व उनकी सुविधाओं के साथ किसी भी प्रकार का समझौता (कॉम्प्रोमाइज) बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अधिकारियों को वातानुकूलित कमरों से बाहर निकलकर खुद ग्राउंड जीरो पर आना होगा और कार्यों की गुणवत्ता व प्रगति पर सीधा ध्यान देना होगा।

बैडमिंटन मैट, साफ-सफाई और रखरखाव पर विशेष जोर – निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने इनडोर स्टेडियम के बैडमिंटन कोर्ट का बारीकी से मुआयना किया। उन्होंने बैडमिंटन मैट को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप दुरुस्त करने, जिम सामानों को व्यवस्थित करने, ऊपरी शेड के सफाई व रखरखाव, पूरे परिसर में नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने और दीर्घकालिक रखरखाव (मेंटेनेंस) के लिए अधिकारियों की समिति और एक ठोस कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए।

कलेक्टर का सख्त अल्टीमेटम :- 5 दिन में बदलनी चाहिए तस्वीर
कलेक्टर ने संबंधित विभाग को 05 दिवस के भीतर क्लब हाउस की सभी व्यवस्थाओं को चुस्त-दुरुस्त और व्यवस्थित करने का अंतिम अल्टीमेटम दिया है। उन्होंने निर्देश दिया है कि कार्य में पारदर्शिता और गति लाने के लिए प्रतिदिन सब-इंजीनियर/इंजीनियर मौके पर मौजूद रहकर अपनी देखरेख में काम पूरा करवाएंगे।

कंपोजिट बिल्डिंग का भी किया निरीक्षण – क्लब हाउस के साथ ही जिला कलेक्टर ने कंपोजिट बिल्डिंग का भी सघन दौरा किया। उन्होंने वहां चल रहे शेष निर्माण कार्यों को समय-सीमा के भीतर और उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए ताकि आम जनता और शासकीय कर्मचारियों को जल्द से जल्द एक सुव्यवस्थित कार्यस्थल मिल सके।

इस कड़े रुख से जिला प्रशासन ने साफ संकेत दे दिए हैं कि शासकीय कार्यों में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और ठेकेदारों पर आने वाले दिनों में और भी गाज गिर सकती है। उक्त निरीक्षण के दरमियान शिक्षा शर्मा डिप्टी कलेक्टर उमेश साहू एसडीएम खांडेकर जी ई आरईएस विभाग दिनेश नायक उप यंत्री कौशल ठेठवार खेल अधिकारी व प्रशासनिक अमला साथ रहा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button