कलेक्टर डॉ. कन्नौजे ने किया आंगनबाड़ी केंद्रों का निरीक्षण, गर्भवती माताओं के पोषण आहार और बच्चों की पढ़ाई की ली जानकारी

पोषण, शिक्षा और बुनियादी सुविधाओं पर दिया जोर, हरदी आंगनबाड़ी में विद्युत सुविधा जोड़ने के निर्देश
सारंगढ़ के ग्रामीण आंगनबाड़ी केंद्रों का निरीक्षण कर बच्चों और माताओं के स्वास्थ्य व शिक्षा की ली समीक्षा
सारंगढ़ बिलाईगढ़, 16 जून 2025 — कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे ने सोमवार को सारंगढ़ ब्लॉक के ग्राम रेड़ा और हरदी में संचालित आंगनबाड़ी केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बच्चों की शैक्षणिक स्थिति, पोषण आहार की गुणवत्ता और गर्भवती महिलाओं को दी जा रही सेवाओं की विस्तृत समीक्षा की।
बच्चों से पूछा नाम, एबीसीडी और गिनती, झिझक दूर करने पर दिया जोर
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने बच्चों से उनके नाम, एबीसीडी और गिनती सुनाने को कहा। कुछ बच्चों ने आत्मविश्वास के साथ जवाब दिया, जबकि कुछ बच्चे हिचकते नजर आए। इस पर कलेक्टर ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाओं को निर्देश दिए कि बच्चों की झिझक दूर करने के लिए रोचक और संवादात्मक गतिविधियों को अपनाएं।
गर्भवती महिलाओं के पोषण आहार की गुणवत्ता की गई जांच
कलेक्टर ने गर्भवती और धात्री महिलाओं को दिए जाने वाले पोषण आहार की गुणवत्ता और मात्रा की जानकारी ली। उन्होंने पंजीयन, कुपोषित बच्चों की पहचान और सामान्य बच्चों के वजन की नियमित निगरानी को भी जरूरी बताया।
भोजन की गुणवत्ता और भंडारण की स्थिति का किया निरीक्षण
निरीक्षण के दौरान डॉ. कन्नौजे ने आंगनबाड़ी केंद्रों में तैयार भोजन को देखकर उसकी गुणवत्ता की जांच की। उन्होंने स्टोर में रखी पोषण सामग्री के भंडारण, शौचालय की स्थिति और साफ-सफाई का भी जायजा लिया।
हरदी आंगनबाड़ी में जल्द जोड़े जाएंगे बिजली कनेक्शन
हरदी आंगनबाड़ी केंद्र में बिजली व्यवस्था नहीं होने की जानकारी मिलने पर कलेक्टर ने तत्काल विद्युतीकरण कराने के निर्देश जारी किए, ताकि बच्चों की पढ़ाई और अन्य गतिविधियां बिना किसी बाधा के संचालित की जा सकें।
अधिकारियों की उपस्थिति में हुआ निरीक्षण
इस निरीक्षण अभियान में महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी बृजेंद्र सिंह ठाकुर, जिला पंचायत सीईओ इंद्रजीत बर्मन और परियोजना अधिकारी कृष्ण कुमार साहू भी उपस्थित थे। सभी ने केंद्रों में उपलब्ध सुविधाओं और सेवाओं की जानकारी कलेक्टर को दी।